उत्तर प्रदेश

Banke Bihari Temple: 7 सितंबर को बांके बिहारी मंदिर के दर्शन का समय बदला

Sarita
4 Sept 2025 9:20 AM IST
Banke Bihari Temple:  7 सितंबर को बांके बिहारी मंदिर के दर्शन का समय बदला
x
Banke Bihari Temple: उत्तर प्रदेश के मथुरा का विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर, जहाँ प्रतिदिन हजारों भक्त दर्शन के लिए आते हैं और अपने आराध्य के दर्शन कर स्वयं को धन्य मानते हैं। अब मंदिर को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। मंदिर 7 सितंबर को जल्दी बंद हो जाएगा। 7 सितंबर को ठाकुर बांके बिहारी महाराज की सुबह से शाम तक की सेवा में कई बदलाव होंगे।
ठाकुर बांके बिहारी उच्च स्तरीय प्रबंध समिति ने इस संबंध में एक पत्र जारी किया है। पत्र में ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के बंद होने की जानकारी दी गई है, लेकिन 7 सितंबर को ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पूरे दिन बंद नहीं रहेगा। मंदिर केवल आधे दिन के लिए बंद रहेगा। भारत में चंद्रग्रहण के कारण 7 सितंबर को मंदिर आधे दिन के लिए बंद रहेगा। 7 सितंबर को श्राद्ध पक्ष की पूर्णिमा है। इसी दिन से श्राद्ध पक्ष भी शुरू हो जाएगा। श्राद्ध पक्ष के पहले दिन चंद्रग्रहण लग रहा है, जिसका प्रभाव भारत में भी देखने को मिलेगा। इसे ध्यान में रखते हुए, ठाकुर बांके बिहारी मंदिर 7 तारीख को दोपहर तक ही खुला रहेगा। इसके बाद मंदिर भक्तों के लिए बंद कर दिया जाएगा। ठाकुर बांके बिहारी महाराज 7 सितंबर को सुबह 5:30 बजे से भक्तों को दर्शन देंगे। सुबह 5:40 बजे श्रृंगार आरती होगी।
इसके बाद सुबह 8:10 बजे राजभोग आरती होगी। फिर 8:15 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। वहीं, सुबह 9 बजे बांके बिहारी महाराज की संध्या भोग सेवा शुरू होगी। सुबह 10 बजे दर्शन खोले जाएंगे। फिर दोपहर 12:25 बजे शयन भोग आरती शुरू होगी। 12:30 बजे ठाकुर बांके बिहारी मंदिर भक्तों के लिए बंद कर दिया जाएगा। फिर अगले दिन भक्त मंदिर में बांके बिहारी जी के दर्शन कर सकेंगे। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीष कुमार ने बताया कि 7 सितंबर को चंद्रग्रहण है। चंद्रग्रहण के कारण मंदिर दोपहर तक ही खुला रहेगा। दोपहर तक दैनिक सेवाएं पूरी हो जाएंगी और ठाकुरजी को भोग लगाया जाएगा।
Next Story