राजस्थान

Udaipur:हाईटेंशन बिजली लाइन से केबल चुराते समय करंट लगने से दो युवकों की मौत

Sarita
11 Sept 2025 9:16 AM IST
Udaipur:हाईटेंशन बिजली लाइन से केबल चुराते समय करंट लगने से दो युवकों की मौत
x
Udaipur उदयपुर: सायरा के पानेर के भोपा खेत में बुधवार रात हाईटेंशन बिजली लाइन से केबल चुराते समय करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवकों के शव खेत में 100 मीटर दूर पड़े मिले। साथ ही बिजली का तार भी टूटा हुआ मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सायरा मोर्चरी में रखवाया। थानाधिकारी किशोर सिंह शक्तावत ने बताया कि बीती रात करीब 2 बजे पानेर गांव क्षेत्र में अचानक बिजली गुल हो गई। सुबह 9 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई तो लोगों ने निगम को सूचना दी। इस पर बिजली निगम के कर्मचारी 33 केवी लाइन में फाल्ट ढूंढने निकले। तब हादसे का पता चला। बिजली विभाग के कर्मचारियों को खेत में बिजली लाइन के तार टूटे मिले, वहां दो युवकों के शव भी थे। शव बुरी तरह जले हुए थे। इसके बाद दोनों के शव सायरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए।
थानाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों युवक जंगल से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार चुराने आए थे। वहां लकड़ी और आकृतिनुमा सामान भी मिला है। संभवत: हाईटेंशन लाइन के तार तोड़ते समय यह हादसा हुआ। दोनों शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस और बिजली निगम की टीम जांच में जुटी है।
दोनों शवों के पास से कोई मोबाइल और दस्तावेज नहीं मिले हैं। इससे संभावना है कि वे अन्य साथियों के साथ थे, जो घटना के बाद मोबाइल और दस्तावेज ले गए। दस्तावेज निकालते समय युवकों की पैंट भी खुल गई।
Next Story