राजस्थान

ग्रीन रिबन अभियान के माध्यम से किया विद्यार्थियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए जागरूक

Gulabi Jagat
5 Aug 2026 9:41 PM IST
ग्रीन रिबन अभियान के माध्यम से किया विद्यार्थियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए जागरूक
x

Bhilwara, भीलवाड़ा । अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की ओर से बुधवार को महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहजी मोहल्ला में विद्यार्थियों के बीच ग्रीन रिबन अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मानव सेवा की भावना विकसित करना रहा। मंडल अध्यक्ष श्रीमती मधु लढा ने बताया की कार्यक्रम के दौरान समिति की सदस्याओं ने विद्यार्थियों के हाथों में ग्रीन रिबन बांधकर उन्हें रक्तदान के महत्व की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। समिति की पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं तो भविष्य में रक्तदाता बनें ही, साथ ही अपने परिवार और समाज में भी रक्तदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे अभियान नई पीढ़ी में सेवा, संवेदना और जिम्मेदारी की भावना का विकास करते हैं। इस अवसर पर सचिव श्रीमती अनुपमा मंत्री, महिला सशक्तिकरण प्रभारी जतन हिंगड़, संस्कार संयोजक पुष्पा मूंदड़ा, तकनीकी प्रभारी उषा सोमानी तथा रक्तदान एवं अंगदान प्रभारी मंजू सोमानी सहित मंडल की अनेक सदस्याएँ उपस्थित रहीं। सभी ने विद्यार्थियों को मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। विद्यालय प्रशासन ने समिति के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

Next Story