संगम समूह का पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मजबूत कदम, हरियाली की ओर बढ़ता Bhilwara
भीलवाड़ा । जिले को हराभरा और पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से संगम उद्योग समूह द्वारा संचालित एक लाख पौधे एवं पांच हजार ट्रीगार्ड वितरण अभियान लगातार जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ रहा है। अभियान के तीसरे दिन गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) हरीतिमा ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर आमजन को पौधे एवं ट्रीगार्ड वितरित किए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर एडीएम हरीतिमा ने कहा कि स्वस्थ, समृद्ध और संतुलित समाज के निर्माण के लिए पौधारोपण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध हवा और बेहतर प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उसका नियमित संरक्षण करना है, ताकि वह भविष्य में एक विशाल वृक्ष बनकर समाज और प्रकृति की सेवा कर सके। संगम उद्योग समूह के प्रबंध निदेशक अनुराग सोनी ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए इस अभियान को लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। अभियान के तीसरे दिन कुल 7,880 पौधों एवं 556 ट्रीगार्ड का वितरण किया गया।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि भीलवाड़ा जिले को हराभरा बनाने के संकल्प को साकार किया जा सके। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अब तक हजारों नागरिक, सामाजिक संस्थाएं, शिक्षण संस्थान, व्यापारी, उद्योगपति एवं विभिन्न संगठन पौधे प्राप्त कर अपने घरों, विद्यालयों, कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और खेतों में पौधारोपण का संकल्प ले चुके हैं। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता का भी उत्कृष्ट उदाहरण बनता जा रहा है। पौधा वितरण प्रभारी बाबूलाल जाजू ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आमजन को लगभग 40 विभिन्न प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें गमलों में लगाए जाने वाले सजावटी पौधे, क्यारियों के पौधे, विभिन्न प्रकार के फूलों के पौधे, फलदार पौधे तथा छायादार वृक्षों के पौधे शामिल हैं। लोगों की आवश्यकता एवं स्थान के अनुसार पौधों का चयन कर उन्हें निःशुल्क वितरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों को ट्रीगार्ड की आवश्यकता है, वे प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से सोनी हॉस्पिटल परिसर में स्थापित वितरण केंद्र से निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रीगार्ड प्राप्त कर सकते हैं। ट्रीगार्ड वितरण की व्यवस्था हिम्मत पारीक के समन्वय में की जा रही है। संगम उद्योग समूह ने जानकारी दी कि अभियान का प्रथम चरण 2 अगस्त तक संचालित रहेगा। इस दौरान अधिक से अधिक लोगों तक पौधे एवं ट्रीगार्ड पहुंचाकर बड़े स्तर पर पौधारोपण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समूह ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अभियान से जुड़कर पौधे प्राप्त करें, उनका नियमित संरक्षण करें और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। समापन पर उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे। संगम उद्योग समूह का यह अभियान जिले में हरित क्रांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।





