
x
Rajasthan राजस्थान: जिले के जैतसर क्षेत्र में रविवार को घग्गर नदी का बांध टूटने से हालात अचानक बिगड़ गए। गांव 24 जीबी की सीमा के पास करीब 20 फीट लंबा कटाव हो गया, जिससे आसपास के खेत पानी में डूब गए। करीब 95 से 100 बीघा कपास की फसल पानी में डूब गई। सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और जल संसाधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घग्गर नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय हुआ और भारी मशीनरी - पोकलेन और एक्सकेवेटर - तुरंत बुलाए गए। इधर, सैकड़ों किसान अपने साधनों के साथ पहुंचे और टूटे हुए हिस्से को रोकने में जुट गए।
तहसीलदार राजवीर कड़वासरा के अनुसार, ग्रामीणों और प्रशासन के प्रयासों से कटाव को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, लेकिन खतरा पूरी तरह से टला नहीं है। नदी में लगातार बढ़ रहा जलस्तर अभी भी चिंता का विषय है। अगर समय पर हस्तक्षेप नहीं होता, तो 25 जीबी और 28 जीबी के खेतों के साथ-साथ आबादी क्षेत्र भी प्रभावित हो सकता था। फिलहाल, प्रशासन ने संभावित बाढ़ को देखते हुए अलर्ट घोषित कर दिया है और लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।
अनूपगढ़ में घग्गर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित मजनू पोस्ट तक पहुँच गया है। 6000 क्यूसेक पानी का बहाव दर्ज किया गया है, जिससे कई गाँव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। वहीं, किसान अपनी फसलों और गाँवों को बचाने के लिए बांध को मजबूत करने में दिन-रात लगे हुए हैं।
Next Story





