राजस्थान

संगम समूह के हरित अभियान के द्वितीय चरण का नगर निगम आयुक्त चौधरी ने किया शुभारंभ

Gulabi Jagat
5 Aug 2026 9:43 PM IST
संगम समूह के हरित अभियान के द्वितीय चरण का नगर निगम आयुक्त चौधरी ने किया शुभारंभ
x

Bhilwara, भीलवाड़ा । शहर को हरियाली की नई पहचान देने के उद्देश्य से संगम समूह के एक लाख पौधे एवं 5 हजार ट्री गार्ड वितरण अभियान के द्वितीय चरण की शुरुआत बुधवार को सोनी हॉस्पिटल परिसर से हुई। नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने अभियान का शुभारंभ करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। अभियान के पहले दिन 8100 पौधों और 430 ट्री गार्ड का वितरण किया गया। यह अभियान 7 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा। मुख्य अतिथि नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और स्वच्छ भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए, तो भीलवाड़ा शीघ्र ही हरियाली की नई पहचान बन सकता है।

उन्होंने संगम समूह द्वारा बड़े स्तर पर संचालित इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। संगम समूह के वाइस चेयरमैन एस.एन. मोदानी ने बताया कि अभियान के तहत 7 अगस्त तक प्रतिदिन विभिन्न प्रजातियों के पौधे एवं ट्री गार्ड आमजन, विद्यालयों, धार्मिक स्थलों तथा सार्वजनिक संस्थानों को निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधों का वितरण नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। पौधा वितरण प्रभारी बाबूलाल जाजू ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे पौधे प्राप्त करने के साथ उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लें, ताकि भीलवाड़ा को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने का लक्ष्य सफल हो सके। अभियान के सफल संचालन में मुकेश अजमेरा, हिम्मत पारीक, जमनालाल जोशी, गुमानसिंह पीपाड़ा एवं दाताराम वर्मा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। संगम समूह का यह अभियान शहर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को हरित आंदोलन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Next Story