राजस्थान

Ajmer:पिता की हत्या करने वाली बेटी को आजीवन कारावास

Sarita
31 Jan 2026 8:46 AM IST
Ajmer:पिता की हत्या करने वाली बेटी को  आजीवन कारावास
x
Ajmer अजमेर: शहर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में 6 साल पहले अपने पिता की पीट- पीट कर हत्या करने के मामले में एससी- एसटी कोर्ट ने शुक्रवार को आरोपी बेटी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. कोर्ट ने आरोपी पर 30 हजार आर्थिक दंड भी लगाया है. विशिष्ट लोक अभियोजक पंकज जैन ने बताया कि आदर्श नगर थाना क्षेत्र में स्थित विज्ञान नगर में रहने वाले अशोक कुमार दुबे की 3 फरवरी 2020 को उनके घर में ही उनकी छोटी बेटी रागिनी दुबे ने लात घूसों से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी. हत्या के बाद लहूलुहान हालत में पिता को घसीट कर घर से बाहर सड़क पर फेंक दिया था|
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रागिनी ने अपनी बड़ी बहन यामिनी दुबे को व्हाट्सएप पर सड़क पर पड़े लहूलुहान पिता की फोटो भेज कर लिखा कि पिता बाहर सड़क पर नशे की हालत में बेहोश पड़े हैं. बड़ी बेटी यामिनी जब घर आई तो पिता मृतावस्था में घर के बाहर सड़क पर पड़े थे और घर के भीतर कमरे में रागिनी पलंग पर सो रही थी. उन्होंने बताया कि 4 फरवरी को आदर्श नगर थाने में यामिनी ने अपनी छोटी बहन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया था|
विशिष्ट लोक अभियोजक पंकज जैन ने बताया कि मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से कोर्ट में 19 गवाह और 45 दस्तावेज पेश किए गए थे. एफएसएल रिपोर्ट में आरोपी बेटी की पैंट पर पिता के खून के निशान मिलने की पुष्टि हुई थी, इसके आधार पर कोर्ट ने रागिनी को पिता की हत्या का दोषी मानते हुए सजा सुनाई. उन्होंने बताया कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर 19 चोट के निशान थे. वारदात स्थल से पुलिस और एफएसएल टीम ने कई सबूत भी जुटाए थे. मृतक की शर्ट और बेटी की पैंट पर मिले खून के निशान की जांच से वारदात की पुष्टि हुई थी|पिता की हत्या के बाद
आरोपी बेटी रागिनी
ने साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की थी. आरोपी रागिनी ने घर में इधर उधर बिखरे पिता के खून को साफ किया था. एफएसएल टीम ने घर में बारीकी से जांच की तब पिता के खून के धब्बे दीवारों पर भी पाए गए थे. यह घटना लगभग 6 साल पुरानी है, लेकिन न्याय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोर्ट ने आरोपी बेटी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई|
बड़ी बेटी यामिनी दुबे की ओर से आदर्श नगर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया था. यामिनी ने पुलिस को बताया था कि 31 जनवरी 2020 को वह जब पेमेंट लेने के लिए गई थी और तभी से पुष्कर में ही थी. 3 फरवरी 2020 को घर में पिता अशोक कुमार दुबे और छोटी बहन रागिनी दुबे ही थे. पुलिस रिपोर्ट में यामिनी ने बताया कि छोटी बहन ने उसे व्हाट्सएप पर पिता की सड़क पर पड़ी फोटो भेजी थी. कॉल करके रागिनी से पूछा तो उसने बताया कि मेरा (रागिनी) और पापा का झगड़ा हो गया था. इस दौरान मैंने पापा के साथ ज्यादा मारपीट कर दी जिससे वह बेहोश हो गए. कमरे में खून फैल गया है, इस कारण मैंने पापा को बाहर डाल दिया और कमरे को पानी से धो दिया. यामिनी ने पुलिस को बताया कि जब वह घर लौटी तो उसके पिता घर के बाहर सड़क पर लहुलूहान हालत में पड़े हुए थे और रागिनी घर के अंदर पलंग पर सो रही थी|
Next Story