पंजाब

Punjab : पुलिस के डर से ट्रक चालक ने नदी में लगाई छलांग

Sarita
10 March 2025 6:29 AM IST
Punjab : पुलिस के डर से ट्रक चालक ने नदी में लगाई छलांग
x
Punjab पंजाब: सीमावर्ती क्षेत्र बमियाल सेक्टर के अंतर्गत गांव जन्नियाल के पास पंजाब पुलिस द्वारा की जा रही चेकिंग के दौरान एक गुज्जर परिवार से संबंधित चालक अपने वाहन में पशु लेकर जा रहा था। पुलिस ने जब उसे रोका तो वह वाहन छोड़कर पास में बह रही उझ नदी के रास्ते भागने का प्रयास करने लगा। इससे युवक के नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। अभी तक इस युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसके बाद गुज्जर समुदाय के लोग इकट्ठा हो गए और पंजाब पुलिस के वाहन पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया और करीब दो पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 12 बजे की है, जब गांव कोलियां निवासी मोहम्मद शरीफ पुत्र मासूम अली एक वाहन में तीन पशुओं को लादकर पंजाब की तरफ ले जा रहा था। इस दौरान पंजाब पुलिस ने उसे वाहन की चेकिंग के लिए रोका। इस पर व्यक्ति वाहन छोड़कर उझ नदी की तरफ भाग गया। पंजाब पुलिस के दो कर्मचारियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन व्यक्ति उझ नदी के पानी में कूद गया। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
इस मामले पर जब चौकी इंचार्ज बमियाल विजय कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पुलिस पार्टी नियमित रूप से क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी। लेकिन यह युवक अचानक वाहन छोड़कर नदी में कूद गया। इसके बाद गुज्जर समुदाय के लोगों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया, जिससे पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
दूसरी ओर जब गुज्जर समुदाय के लोगों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा हम पर लगाए जा रहे सभी आरोप झूठे हैं। फिलहाल हम खुद नदी में अपने युवक की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।
Next Story