
x
Punjab : यहां सेक्टर-16 अस्पताल के एक सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट ने सेक्टर-19 स्थित गुरुद्वारा साहिब की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सेक्टर-19 थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान चंडीगढ़ के सेक्टर-38सी निवासी सूरज प्रकाश के रूप में हुई है। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास खड़ी उसकी वैगनआर कार में एक सुसाइड नोट मिला। हालंकि यह एक चिट्ठी के रूप में है, जिसमें न तो उसके द्वारा उठाए गए इस कदम के लिए किसी को जिम्मेदार ठहराया गया है और न ही आत्महत्या का कारण बताया गया है। पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक शाम को गुरुद्वारे गया था। हादसे के बाद सुबह उसका शव कुचला हुआ मिला, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने देर रात यह गंभीर कदम उठाया होगा। हालांकि मामले की आधिकारिक जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगी।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक लगभग 4-5 साल पहले सेक्टर-16 अस्पताल से फार्मासिस्ट के पद से सेवानिवृत्त हुआ था। सेवानिवृत्ति के बाद वह लोगों को मुफ़्त सेवाएं देता था। परिजनों के अनुसार, वह अपने मरीजो से बहुत प्यार करता था, लेकिन उसकी कमजोर नजर उसे बहुत परेशान करती थी। उसे इस बात की चिंता थी कि जब उसकी आंखों की रोशनी पूरी तरह चली जाएगी, तो वह अपने मरीजों का इलाज कैसे करेगा।
Next Story





