
x
Punjab पंजाब: भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बीएसएफ और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के संयुक्त अभियान में 5 तस्कर गिरफ्तार किए गए। टीम ने तस्करों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो कार, 5.5 किलो हेरोइन, 5 मोबाइल फोन, 1000 रुपये की भारतीय मुद्रा, 2 पिस्तौल और 3 मोटरसाइकिल बरामद कीं।बीएसएफ के एक अधिकारी के अनुसार, गोपनीय सूचना के आधार पर, सुर सिंह कस्बे के बाजार में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बीएसएफ जवानों द्वारा की गई छापेमारी के दौरान, एक सरकारी डाकघर की गाड़ी में सवार चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 9 पैकेट हेरोइन बरामद की गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 5 किलो 32 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही आरोपियों के पास से 2 मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, दो पिस्तौल और 1000 रुपये की भारतीय मुद्रा भी बरामद की गई।
गिरफ्तार तस्करों में कुछ गोइंदवाल साहिब और कुछ सोहल गाँव के रहने वाले हैं। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने इस बात की जाँच शुरू कर दी है कि हेरोइन की यह खेप उनके पास कैसे पहुँची और किसके निर्देश पर इसे मँगवाया गया।
इसके अलावा, बीएसएफ और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स अमृतसर की टीम ने झब्बाल क्षेत्र के गाँव मालूवाल में छापेमारी कर मोटरसाइकिल सवार एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आधा किलो हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बीएसएफ अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, जिले के गाँव वान तारा सिंह में खेतों में गिरे एक पिस्तौल के कुछ हिस्से बरामद किए गए हैं। इस संबंध में खालड़ा थाने की पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एक अन्य मामले में, बीएसएफ ने सीमावर्ती गाँव रानिया के इलाके में एक मिनी पाकिस्तानी ड्रोन जब्त किया है।
Next Story





