पंजाब

Punjab: शंभू बॉर्डर से 186 किलो गांजा जब्त, पांच आरोपी गिरफ्तार

Sarita
13 Oct 2025 6:12 AM IST
Punjab: शंभू बॉर्डर से 186 किलो गांजा जब्त, पांच आरोपी गिरफ्तार
x
Punjab: डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुरा के शंभू बॉर्डर से लगभग 186 किलोग्राम गांजा ज़ब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में इसकी कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। DRI की टीम ने इस बड़ी खेप के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें रविवार को राजपुरा की अदालत में पेश किया गया, जहां माननीय जज ने सभी पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
DRI के अधिकारियों के मुताबिक उन्हें खुफिया सूत्रों से गांजे की बड़ी खेप तस्करी किए जाने की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर DRI की टीम ने शंभू हाइवे पर नाकाबंदी कर दो संदिग्ध गाड़ियों को रोका और उनकी तलाशी ली। तस्करों ने गांजे को छिपाने के लिए गाड़ियों के अंदर एक गुप्त केबिन जैसा ढांचा बनाया हुआ था, जिसे बेहद तकनीकी तरीके से छिपाया गया था ताकि जांच के दौरान पकड़ में न आ सके।
काफी गहन जांच के बाद, DRI की टीम ने दोनों गाड़ियों से कुल 186 किलोग्राम गांजा बरामद किया। DRI के मुताबिक यह गांजा तस्करी के लिए लुधियाना ले जाया जा रहा था। गांजा ज़ब्त करने के बाद, DRI ने 5 तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ DRI की एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
Next Story