चरणजीत सिंह चन्नी को लगातार दूसरी बार मिला संसद रत्न सम्मान

चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘संसद रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। चन्नी को लगातार दूसरी बार यह सम्मान मिला है। नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित 16वें संसद रत्न पुरस्कार समारोह में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस बार चरणजीत सिंह चन्नी को व्यक्तिगत संसदीय प्रदर्शन के बजाय उनकी अध्यक्षता वाली कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण संबंधी संसदीय स्थायी समिति के प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है। बताया गया है कि चन्नी की अध्यक्षता वाली समिति ने संसदीय समितियों के प्रदर्शन मूल्यांकन में पहला स्थान हासिल किया।
किसानों से जुड़े मुद्दों पर समिति का फोकस
चन्नी की अध्यक्षता वाली संसदीय समिति ने किसानों और कृषि श्रमिकों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सिफारिशें की हैं। इनमें फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP को कानूनी गारंटी देने की वकालत प्रमुख रूप से शामिल है।
समिति ने पराली प्रबंधन के लिए किसानों को पर्याप्त वित्तीय सहायता देने की आवश्यकता भी जताई है। इसके अलावा पीएम-किसान योजना के तहत किसानों को मिलने वाली सहायता राशि बढ़ाने की सिफारिश भी की गई है।
लगातार दूसरी बार मिला सम्मान
चरणजीत सिंह चन्नी के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्हें लगातार दूसरे वर्ष संसद रत्न सम्मान मिला है। पिछले वर्ष उन्हें लोकसभा सांसद के रूप में व्यक्तिगत संसदीय प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया था।
उनके वाद-विवाद में योगदान, संसदीय गतिविधियों में भागीदारी और जनहित के मुद्दों को उठाने के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया था। इस बार उनकी अध्यक्षता वाली संसदीय समिति के प्रदर्शन को मान्यता मिली है।
चन्नी ने जताई खुशी
सम्मान मिलने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने खुशी जाहिर करते हुए जालंधर की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें चुनकर संसद भेजा और इसी भरोसे की वजह से उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने का अवसर मिला।
चन्नी ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी संसदीय समिति के संयुक्त प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों ने मिलकर किसानों, कृषि श्रमिकों और कृषि क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है।





