- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नाशिक स्थित IAF बेस...
नाशिक स्थित IAF बेस रिपेयर डिपो ने नौसेना की MiG-29K इजेक्शन सीट का स्वदेशी ओवरहॉल सफलतापूर्वक पूरा किया

Nashik , नासिक : भारतीय वायु सेना (IAF) के बेस रिपेयर डिपो नासिक ने आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। IAF ने बताया कि डिपो ने भारतीय नौसेना के MiG-29K इजेक्शन सीट का स्वदेशी ओवरहॉल (मरम्मत और नवीनीकरण) सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह काम पहले रूस में किया जाता था। ओवरहॉल की गई इजेक्शन सीट को औपचारिक रूप से भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। इस मौके पर एयर मार्शल यल्ला उमेश, एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (AOC-in-C), मेंटेनेंस कमांड मौजूद थे।
IAF की मेंटेनेंस कमांड के अनुसार, यह उपलब्धि रक्षा निर्माण और रखरखाव क्षमताओं में 'आत्मनिर्भरता' की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पहले दिन में, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साई जिले के पुट्टपर्थी में कई रणनीतिक एयरोस्पेस और रक्षा परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उनके भूमि पूजन समारोह की अध्यक्षता की।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पुट्टपर्थी में 'कोर इंटीग्रेशन एंड फ्लाइट टेस्टिंग सेंटर' की आधारशिला रखी गई। इसका उद्देश्य पांचवीं पीढ़ी के उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान (AMCA) और भविष्य के अन्य स्वदेशी प्लेटफॉर्म के विकास में तेजी लाना है। इसके अलावा, अनाकापल्ली जिले के टी. सिरसापल्ली गांव में 'नेवल सिस्टम्स मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी' की भी आधारशिला रखी गई, जो उन्नत पानी के नीचे के हथियारों और नौसैनिक युद्ध प्रणालियों की जरूरतों को पूरा करेगी।





