- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मजदूर परिवार का बेटा...

मधुबनी : मधेपुर प्रखंड से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में चयनित राकेश कुमार राम ने असिस्टेंट स्टेट टैक्स कमिश्नर के पद पर सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
राकेश कुमार राम एक साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। उनके पिता नरेश राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को प्राथमिकता दी और राकेश ने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने जवाहर +2 विद्यालय, मधेपुर से मैट्रिक परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। आगे की पढ़ाई एच.पी.एस. कॉलेज मधेपुर और सी.एम. साइंस कॉलेज, दरभंगा से पूरी की। ग्रामीण परिवेश और हिंदी माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद उन्होंने BPSC जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
सफलता के बाद मधेपुर शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में उनका भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक डॉ. सुशील कुमार राय ने उन्हें मिथिला परंपरा के अनुसार पाग, दोपटा और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके पिता नरेश राम को भी सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राकेश की सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति नया उत्साह और प्रेरणा देखने को मिल रही है।





