- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- MP News: अवैध मछली के...

x
MP News: मंदसौर पुलिस ने एक आयशर ट्रक से 3 लाख रुपये कीमत की 39 क्विंटल से अधिक अवैध मछली जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उक्त अवैध मछली चंबल नदी से निकालकर गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।मंदसौर जिले के भानपुरा थाना प्रभारी आरसी डांगी ने बताया कि थाना क्षेत्र की भैसोदामंडी चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक ओकार सिंह ठाकुर को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति ट्रक क्रमांक GJ-32 T 8175 में चंबल नदी से अवैध रूप से मछली लेकर निमथुर टोल चौराहे से भानपुरा गरोठ होते हुए गुजरात की ओर जा रहे हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए निमथुर टोल पर नाकाबंदी कर ट्रक को रोका गया। ट्रक की तलाशी लेने पर ट्रक के पीछे लगे कंटेनर में 112 क्रेट में लगभग 3 लाख रुपये कीमत की 3920 किलोग्राम अवैध मछली भरी हुई मिली। मछली के अवैध परिवहन के मामले में ट्रक में सवार अल्ताफ पुत्र उमर शेख, उम्र 57 वर्ष, जुबेर पुत्र जावेद शेख, उम्र 40 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम वेरावल, जिला गिर सोमनाथ, गुजरात और राकेश पुत्र किशनलाल जाति भोई, उम्र 50 वर्ष, निवासी मराठी मोहल्ला इमली बाजार के पास, इंदौर को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, उपयोग में लाए जा रहे ट्रक क्रमांक GJ 32 T 8172 को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध भानपुरा थाने में धारा 303(2) बीएनएस 5 मत्स्य अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों से अवैध मछली के स्रोत और उपभोक्ताओं के बारे में पूछताछ की जा रही है।
Next Story





