मध्य प्रदेश

MP News: अचानक हुए विस्फोट में चार बच्चे घायल, जांच जारी

Sarita
22 April 2025 6:54 AM IST
MP News: अचानक हुए विस्फोट में चार बच्चे घायल, जांच जारी
x
MP News: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के अंतर्गत मिलानपुर गांव में सोमवार दोपहर हुए विस्फोट में चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विस्फोट उस समय हुआ जब बच्चे बैटरी या संदिग्ध सामग्री से खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि बच्चे घर के पास खेल रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हुआ, जिससे वे घायल हो गए। घटना की खबर मिलते ही बैतूल बाजार थाना और कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों और परिजनों से पूछताछ की।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि बच्चे बैटरी से छेड़छाड़ कर रहे थे और संभवत: उससे तार जोड़कर लाइट जलाने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान बैटरी में विस्फोट हो गया। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि बच्चों ने नदी किनारे से कोई विस्फोटक उठा लिया था, जिससे खेलते समय यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी किनारे अक्सर मछली पकड़ने के लिए डायनामाइट का अवैध रूप से इस्तेमाल किया जाता है।
हो सकता है कि वहां कोई ऐसा विस्फोटक पड़ा हो, जिसे बच्चों ने अनजाने में उठा लिया हो। घायल बच्चे अनिकेत का कहना है कि पापा एक बैटरी लेकर आए थे, हम उससे तार जोड़ रहे थे ताकि लाइट जल जाए, लेकिन वह फट गई। बच्चे की मां संगीता ने बताया कि बच्चों को घर पर खेलने के लिए कहा था, लेकिन वे किसी चीज से खेल रहे थे, जो फट गई और उन्हें चोट लग गई। कोतवाली टीआई रविकांत डेहरिया का कहना है कि बच्चे बैटरी से खेल रहे थे, जो फट गई। जांच चल रही है, जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।
Next Story