- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- MP News: गाय को बचाने...

x
MP News: जिले के ग्राम बांसपुर में सोमवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां 18 वर्षीय आशीष अहिरवार की करंट लगने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के कारण गीली जमीन पर लटके बिजली के तार की चपेट में एक गाय आ गई। गाय जैसे ही करंट से तड़पने लगी, आशीष उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन संपर्क में आते ही वह खुद भी करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही गिर गया। परिजनों ने बताया कि खंभे से तार के जरिए घर में बिजली पहुंचाई जा रही थी। बारिश के कारण जमीन पूरी तरह गीली थी, जिससे बिजली का प्रवाह तेज था।
जब तक लोग कुछ समझ पाते, आशीष बेहोश होकर गिर चुका था। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को फोन करने का प्रयास किया, लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण फोन नहीं लग सका। इसके बाद उसे मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल अशोकनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दुखद हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग बिजली व्यवस्था की लापरवाही पर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Next Story





