मध्य प्रदेश

MP Accident: सड़क किनारे खड़े वाहन से टकराई कार, चार युवकों की मौत

Sarita
28 April 2025 12:22 PM IST
MP Accident: सड़क किनारे खड़े वाहन से टकराई कार, चार युवकों की मौत
x
MP Accident: मध्य प्रदेश के धार से गुजरने वाले इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक झाबुआ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। धार जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला धार से गुजरने वाले इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर तिरला थाना क्षेत्र के ग्राम भलगांवड़ी के पास का है। जहां एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार एक कार सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा गई।
हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक झाबुआ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। चारों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने झाबुआ से धार आ रहे थे। लेकिन रास्ते में उनकी कार अचानक सड़क किनारे खड़े भारी वाहन से टकरा गई। बता दें कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही तिरला पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धार भिजवाया।
सीएसपी धार रविंद्र वास्केल ने बताया कि झाबुआ की ओर से आ रही कार की किसी वाहन से टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर खड़े भारी वाहनों को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं।
Next Story