मध्य प्रदेश

Bhind: पुलिया से ट्रैक्टर-ट्राली नहर में गिरी, तीन किसानों की मौत

Sarita
10 Dec 2025 10:27 AM IST
Bhind: पुलिया से ट्रैक्टर-ट्राली नहर में गिरी, तीन किसानों की मौत
x
Bhind भिंड : भिंड के लहार थाना अंतर्गत नानपुरा गांव के पास टूटी पड़ी पुलिया से गुजरते समय ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से 3 किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों किसान उत्तर प्रदेश में धान बेचकर अपने गांव लौट रहे थे। घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है।
मृतकों की पहचान रावतपुरा सानी निवासी 80 वर्षीय झींगुरी सिंह राजपूत, 70 वर्षीय बलवीर सिंह राजपूत और 35 वर्षीय शिब्बू उर्फ शिवेंद्र सिंह राजपूत (35) के रूप में हुई है। बता दें कि तीनों किसान मंगलवार देर शाम यूपी से घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे नानपुरा के पास टूटी पुलिया से ट्रैक्टर गुजर रहा था तभी अंधेरे में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नहर में पलट गया।हादसा रात के अंधेरे में होने से किसी को इसका पता नहीं चला। थोड़ी देर बाद पास के खेतों में पानी दे रहे किसानों ने नहर में उल्टा पड़ा ट्रैक्टर देखा। वे मौके पर पहुंचे तो तीनों किसानों के शव ट्रैक्टर के नीचे दबे मिले। तुरंत इसकी सूचना लहार पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही टीआई शिवसिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर को नहर से हटाया गया और शवों को बाहर निकाला गया। पानी में डूबने और भारी वाहन के नीचे दबने से तीनों की घटना स्थल पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को लहार सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। बुधवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
Next Story