जमशेदपुर के Jugsalai में कपड़ा दुकान में फायरिंग, कारोबारी बाल-बाल बचा

Jamshedpur: झारखंड के जमशेदपुर स्थित जुगसलाई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई है। जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के पास स्थित एक कपड़ा दुकान में अज्ञात अपराधियों ने घुसकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इस घटना में दुकानदार बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। आसपास के दुकानदारों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए और घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय व्यापारियों ने जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, अपराधी लाल रंग की कार से आए थे और सीधे दुकान में घुसकर कारोबारी को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से दुकानदार घबरा गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना पुलिस और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने दुकानदार और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, जिसमें पूरी घटना कैद होने की बात सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला रंगदारी से जुड़ा हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय का माहौल है और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।





