झारखंड

Ranchi Crime : गोली मारकर जमीन कारोबारी की हत्या

Sarita
8 Sept 2025 8:54 AM IST
Ranchi Crime : गोली मारकर जमीन कारोबारी की हत्या
x
Ranchi Crime :रांची के रातू स्थित झखराटांड़ मुंडाटोली में रविवार की शाम दो नकाबपोश अपराधियों ने एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी. एक अन्य व्यक्ति को अपराधियों ने पीछा करने पर गोली मारकर घायल कर दिया. उसकी भी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना कल शाम करीब 6:30 बजे की है. जमीन कारोबारी की पहचान हजारीबाग के केरेडारी निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है. घायल व्यक्ति मुंडा टोली निवासी स्वर्गीय किशुन गोप का पुत्र राजबलम गोप उर्फ ​​बलमा है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार युवक की पहचान बुढ़मू के चकमे निवासी कुणाल गोप के रूप में हुई है|
पुलिस ने इस संबंध में बताया कि आपसी विवाद के कारण हत्या की गई है. घायल राजबलम के जबड़े में गोली फंसी है. रिम्स में उसके ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त दोनों व्यक्ति प्रकाश लोहरा उर्फ ​​चरका के घर पर शराब पी रहे थे. मिली जानकारी के अनुसार राजबलम गोप का गांव के ही कुछ लोगों से दो एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार उन्हें धमकियां मिल चुकी थीं। मृतक रवि कुमार के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि वह जमीन कारोबारी था और गोप के साथ ही रहता था। राजबलम ने नामकुम के एक व्यवसायी से वर्षों पहले विवादित जमीन का एग्रीमेंट किया था। तभी से वह विरोधियों के निशाने पर आ गया था। स्थानीय एक जमीन कारोबारी ने ऊंची दर देकर जमीन की रजिस्ट्री करा ली थी। कुछ दिनों से उक्त प्लॉट में चहारदीवारी बनवाई जा रही थी।
घायल अवस्था में थाना पहुंचे राजबलम ने बताया कि उक्त जमीन की बंदोबस्ती के लिए उसे चार पहिया वाहन देने का प्रस्ताव मिला था, लेकिन जब जमीन नहीं दी गई तो यह घटना घटी। रातू पुलिस के अनुसार रवि कुमार के शव को देखने पर प्रथम दृष्टया उसके कमर के ऊपर किडनी के पास गोली लगने का घाव होने की बात सामने आई है। थाना प्रभारी राम नारायण सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल से पांच खाली खोखा तथा 100 मीटर की दूरी पर खड़ी मृतक की बुलेट (जेएच 02 बीएल 6976) बरामद की।
Next Story