झारखंड

रांची में झारखंड और कर्नाटक चैंबर के बीच व्यापार व निवेश सहयोग पर अहम बैठक, MoU पर हस्ताक्षर

Gulabi Jagat
15 May 2026 10:24 PM IST
रांची में झारखंड और कर्नाटक चैंबर के बीच व्यापार व निवेश सहयोग पर अहम बैठक, MoU पर हस्ताक्षर
x

Jharkhand: रांची में शुक्रवार को फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और कर्नाटक के बल्लारी डिस्ट्रिक्ट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के बीच व्यापार एवं निवेश संभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक चैंबर भवन में हुई, जिसमें झारखंड सरकार के उद्योग सचिव अरवा राजकमल और उद्योग निदेशक विशाल सागर भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान दोनों राज्यों के उद्योग एवं व्यापार प्रतिनिधियों ने निवेश अवसरों, औद्योगिक सहयोग, व्यापार विस्तार और बिजनेस आइडिया पर विस्तृत चर्चा की। दोनों पक्षों ने आपसी समन्वय के साथ औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि राज्य में खनिज, टेक्सटाइल, कृषि और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड तेजी से औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और नई इंडस्ट्री पॉलिसी निवेशकों के लिए अवसर लेकर आएगी।

उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां उद्योगों के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं। वहीं उद्योग निदेशक विशाल सागर ने कहा कि राज्य सरकार फूड प्रोसेसिंग, टूरिज्म और कृषि क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बल्लारी डिस्ट्रिक्ट चैंबर के अध्यक्ष अव्वरु मंजूनाथ ने भी कर्नाटक में निवेश के अवसरों पर प्रकाश डालते हुए झारखंड के उद्यमियों को आमंत्रित किया।

बैठक में व्यापार विस्तार, कृषि उत्पादों की आपूर्ति, टेक्सटाइल, कोल सप्लाई और अन्य औद्योगिक विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान दोनों चैंबर्स के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने के लिए MoU पर भी हस्ताक्षर किए गए।

दोनों पक्षों ने भविष्य में मिलकर काम करने और निवेश को बढ़ावा देने पर सहमति जताई, जिससे दोनों राज्यों के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Next Story