
x
Bokaro बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस, धारदार हथियार और एक चोरी का ट्रैक्टर बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से बोकारो और आसपास के जिलों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी चंद्रपुरा और दुग्दा थाना क्षेत्रों में डकैती की योजना बना रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस ने चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के न्यू पिपराडीह इलाके में वाहनों की जाँच शुरू की। जाँच के दौरान एक चार पहिया वाहन पर सवार दो युवक आए और पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और मुकेश यादव और शंकर दास को पकड़ लिया। उनके पास से एक देसी रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस और एक खंजर बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों उमेश दास, दिलीप कुमार महतो, छोटू विश्वकर्मा और राजेश करमाली के साथ मिलकर 22 जुलाई को चंद्रपुरा के मदनपुर गांव से एक ट्रैक्टर चोरी किया था। चोरी के ट्रैक्टर को हजारीबाग जिले के औरैया गांव के कबाड़ विक्रेता प्रमोद साव को बेच दिया था। पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर ट्रैक्टर को हजारीबाग से जब्त कर लिया। इस मामले में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पांच अपराधी और एक कबाड़ विक्रेता शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। ये आरोपी पहले भी अपहरण, डकैती और चोरी समेत कई गंभीर अपराधों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश कर रही है।
Next Story





