जम्मू और कश्मीर

Mata Vaishno Devi : इस बार नवरात्रि पर उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

Sarita
7 April 2025 11:48 AM IST
Mata Vaishno Devi : इस बार नवरात्रि पर उमड़ी भक्तों की भारी भीड़
x
Mata Vaishno Devi : चैत्र नवरात्रि के अवसर पर वैष्णो देवी भवन में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा आयोजित 9 दिवसीय शत चंडी महायज्ञ का राम नवमी के अवसर पर पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। चैत्र नवरात्रि के दौरान देश-विदेश से 3.50 लाख से अधिक श्रद्धालु माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद लेने वैष्णो देवी भवन पहुंचे हैं। रविवार को राम नवमी के अवसर पर वैष्णो देवी भवन में शत चंडी महायज्ञ के समापन पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग, एसडीएम भवन विकास आनंद, श्राइन बोर्ड के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। इस आध्यात्मिक अवसर को पद्मश्री प्रोफेसर विश्वमूर्ति शास्त्री के नेतृत्व में पंडितों के एक समूह द्वारा पूजा-अर्चना के साथ संपन्न कराया गया।
चेयरमैन मनोज सिन्हा के निर्देश व मार्गदर्शन में श्राइन बोर्ड ने नवरात्रि को और भी यादगार बनाने के लिए कई पहल की हैं। श्राइन बोर्ड ने तीर्थयात्रियों के अनुभव को बढ़ाने के लिए भवन, अटका व आसपास के क्षेत्रों में सजावटी फूलों की व्यवस्था की। ट्रैक और भवन क्षेत्र में चौबीसों घंटे पानी और बिजली की आपूर्ति, सफाई और स्वच्छता के उपाय सुनिश्चित किए गए थे। नवरात्रों के दौरान, प्रसिद्ध कलाकारों ने वैष्णो देवी भवन में सुबह और शाम की आरती के दौरान अपनी विशेष प्रस्तुतियां देकर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इन प्रस्तुतियों ने अटका स्थल के वातावरण को प्रतिदिन सुबह और शाम की आरती के दौरान और अधिक भक्तिमय बना दिया। इन चैत्र नवरात्रों के दौरान मैथिली ठाकुर, राज पारीक, शैली तलूजा, सचेत/परंपरा, हंसराज रघुवंशी, तृप्ति शाक्य, जीत गांगुली, बृजेश शांडिल्य, हरगुन कौर, भूमि त्रिवेदी, सूरज सिंह/जूही सिंह, प्रतिभा सिंह बघेल और नीतू चंचल सहित प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के गुरुकुल के छात्रों ने भी अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
Next Story