जम्मू और कश्मीर

Jammu-Kashmir: कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, पुलिस की गोलीबारी में घायल

Sarita
10 Jun 2025 9:20 AM IST
Jammu-Kashmir: कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, पुलिस की गोलीबारी में घायल
x
Jammu-Kashmir: जम्मू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुख्यालय जोन की विशेष टीम ने कुख्यात अपराधी बाग हुसैन उर्फ ​​बाघू उर्फ ​​सन्नी पुत्र मंगत अली निवासी बलोल नाला, किकरी मोड़ (मूल रूप से लसवाड़ा, तहसील बिश्नाह निवासी) को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, पुलिस पर हमला, अपहरण, साजिश और अवैध हथियार रखने जैसे 27 संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें से 8 एफआईआर पुलिस पार्टी पर हमले से संबंधित हैं। आरोपी को थाना मीरां साहिब में दर्ज एफआईआर संख्या 53/2025 धारा 109/111/132/191 (2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की चल रही जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने हथियार - एक लोडेड पिस्तौल और एक कुल्हाड़ी - बानाचक गांव (थाना बिश्नाह क्षेत्र) में छिपा रखे थे। पुलिस टीम जब हथियार बरामद करने के लिए मौके पर पहुंची तो आरोपी ने कांस्टेबल अरुण शर्मा की सर्विस राइफल छीनने की कोशिश की, जिससे हाथापाई हुई और कांस्टेबल घायल हो गया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें आरोपी को गोली लग गई।
उसे तुरंत एसडीएच बिश्नाह में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस टीम में एसडीपीओ आरएस पुरा गुरमीत सिंह, एसएचओ मीरां साहिब इंस्पेक्टर जयपाल शर्मा, पीएसआई अजय जामवाल और एसएचओ बिश्नाह इंस्पेक्टर सुशील चौधरी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच जारी है और आरोपी के पूरे आपराधिक नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दोहराया है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढील नहीं बरती जाएगी।
Next Story