जम्मू और कश्मीर

Jammu-Kashmir: पत्नी की हत्या कर पति ने रची साजिश, पुलिस ने किया पर्दाफाश

Sarita
29 Aug 2025 6:28 AM IST
Jammu-Kashmir: पुंछ पुलिस ने 48 घंटे के अंदर हत्या की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले पुलिस को चिकड़ी बन निवासी हाजरा बी पत्नी अब्दुल गनी की गुमशुदगी की रिपोर्ट मिली थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि महिला मवेशी चराने गई थी, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटी। कुछ मवेशी भी गायब थे।पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी। महिला की तलाश करते हुए पुलिस को एक प्राकृतिक गुफा के पास महिला का शव मिला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और एफआईआर संख्या 18/2025 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
एएसपी मोहन शर्मा के निर्देश पर थानाप्रभारी नवीद अंजुम के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए मृतका के पति अब्दुल गनी पुत्र अब्दुल अजीज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया।
एएसपी मोहन शर्मा ने बताया कि आरोपी ने हत्या को भालू के हमले जैसा दिखाने की कोशिश की थी। इसी योजना के तहत उसने एक बकरी को भी मार डाला था। पुलिस ने इस जघन्य अपराध को 48 घंटे के अंदर सुलझा लिया। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story