जम्मू और कश्मीर

Jammu -Kashmir: सरहद पर फिर मंडराया साया ,आसमान में दिखी संदिग्ध रोशनी ने सबको चौंकाया

Sarita
23 Feb 2026 10:52 AM IST
Jammu -Kashmir: सरहद पर फिर मंडराया साया ,आसमान में दिखी संदिग्ध रोशनी ने सबको चौंकाया
x
Jammu -Kashmir: अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जिला कठुआ के हीरानगर सेक्टर के अंतर्गत पड़ते मनियारी क्षेत्र में देर रात आसमान में दिखाई दी संदिग्ध ड्रोन जैसी रोशनी ने एक बार फिर सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज चमकदार रोशनी काफी देर तक एक सीमित दायरे में मंडराती रही और दिशा बदलती नजर आई, जिससे पाकिस्तान की ओर से ड्रोन गतिविधि की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार रोशनी सामान्य विमान, उपग्रह या तारे जैसी स्थिर नहीं थी, बल्कि लगातार गतिशील थी और कुछ समय तक एक ही क्षेत्र के ऊपर चक्कर लगाती रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है तथा तकनीकी उपकरणों की मदद से निगरानी की जा रही है।
गौरतलब है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पूर्व में भी ड्रोन के माध्यम से हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थ गिराने के प्रयास उजागर हो चुके हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार सीमा पार से ड्रोन के जरिए रेकी करना और तस्करी की कोशिशें एक नई चुनौती के रूप में सामने आई हैं। ऐसे में मनियारी में देखी गई यह गतिविधि सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद गंभीर मानी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ, सुरंग निर्माण, नशे की तस्करी और ड्रोन के माध्यम से अवैध सामग्री भेजने की कोशिशें की जाती रही हैं। हालांकि इस ताजा घटना को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह वस्तु ड्रोन थी या कोई अन्य तकनीकी उपकरण, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रहीं। घटना के बाद सीमावर्ती गांवों में सतर्कता और बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई है।
फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन मनियारी में देखी गई संदिग्ध रोशनी ने यह साफ संकेत दे दिया है कि सीमा पार से संभावित खतरे को लेकर चौकसी में किसी प्रकार की ढील नहीं बरती जा सकती। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की गहन जांच में जुटी हैं, ताकि किसी भी नापाक मंसूबे को समय रहते नाकाम किया जा सके।
Next Story