जम्मू और कश्मीर

Jammu Kashmir: पुलिस की छापेमारी, AK-47 राइफल के कारतूस बरामद

Sarita
21 Nov 2025 7:27 AM IST
Jammu Kashmir: पुलिस की छापेमारी, AK-47 राइफल के कारतूस बरामद
x
Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर पुलिस की राज्य जांच एजेंसी ने गुरुवार को देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोप में कश्मीर टाइम्स के कार्यालय पर छापा मारा और एके राइफल के कारतूस और पिस्तौल के कुछ राउंड समेत अन्य सामान बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रकाशन और उसके प्रमोटरों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद एसआईए के अधिकारियों ने अखबार के परिसर और कंप्यूटरों की गहन तलाशी ली। उन्होंने बताया कि छापेमारी में एसआईए ने एके राइफल के कारतूस, पिस्तौल के कुछ राउंड और हथगोले के पिन समेत अन्य सामान जब्त किया
उन्होंने बताया कि प्रकाशन के प्रमोटरों से पूछताछ की संभावना है। छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर सिंह चौधरी ने कहा कि कार्रवाई केवल तभी होनी चाहिए जब गलत काम साबित हो जाए, न कि दबाव बनाने के लिए। चौधरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, "अगर उन्होंने कुछ गलत किया है, तो कार्रवाई होनी चाहिए... अगर आप केवल दबाव बनाने के लिए ऐसा करते हैं, तो यह गलत होगा।"
पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, कश्मीर टाइम्स के खिलाफ कथित तौर पर नाराजगी फैलाने, अलगाववाद का महिमामंडन करने और भारत और केंद्र शासित प्रदेश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को खतरा पहुंचाने के लिए एफआईआर भी दर्ज की गई थी, जिसमें कश्मीर टाइम्स की एग्जीक्यूटिव एडिटर अनुराधा भसीन का भी नाम है।
सूत्रों के मुताबिक इस जांच का मकसद अखबार के कथित लिंक और गतिविधियों की जांच करना है जो भारत की संप्रभुता को खतरा पहुंचाती हैं। हालांकि इस मामले में अबतक कश्मीर टाइम्स की तरफ से तुरंत कोई बयान नहीं आया है। बता दें कि कश्मीर टाइम्स जम्मू और कश्मीर के सबसे पुराने और सबसे प्रमुख अखबारों में से एक है। इस अखबार को वेद भसीन ने शुरू किया था और 1954 में यह एक वीकली न्यूज़पेपर के तौर पर निकलता था, और 1964 में इसे डेली बना दिया गया था। फिलहाल कई महीनों से ये इसका दफ्तर बंद था।
Next Story