जम्मू और कश्मीर

जम्मू-कश्मीर : सांबा में गुब्बारे में पाकिस्तानी झंडा और मोबाइल नंबर लिखी पर्ची बरामद की गई

Sarita
23 Jan 2022 11:10 AM IST
जम्मू-कश्मीर : सांबा में गुब्बारे में पाकिस्तानी झंडा और मोबाइल नंबर लिखी पर्ची बरामद की गई
x

फाइल फोटो 

भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सांबा जिले के एक गांव में पाकिस्तानी गुब्बारा मिला है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सांबा जिले के एक गांव में पाकिस्तानी गुब्बारा मिला है। गुब्बारे में पाकिस्तानी झंडा और कुछ पाकिस्तानी मोबाइल नंबर लिखी पर्ची बरामद की गई है। स्थानीय किसान की सूचना पर सुरक्षा बलों ने गुब्बारा अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां इसमें किसी साजिश के एंगल पर भी जांच कर रही हैं।

सीमावर्ती गांव रघुचक के निवासी रछपाल शनिवार अपने खेत में गए तो उन्हें वहां कांटेदार तार में फंसा पाकिस्तानी गुब्बारा दिखाई दिया। रछपाल के अनुसार गुब्बारे में पाकिस्तानी झंडा और पर्ची थी, जिसमें कुछ पाकिस्तानी मोबाइल नंबर लिखे हुए थे। यह देख उन्होंने फौरन पुलिस को सूचित कर दिया।
घुसपैठ के लिहाज से संवेदनशील है सांबा जिला
सांबा सेक्टर को आतंकी घुसपैठ के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। जिले में कई दरियाई नाले पाकिस्तान की ओर जाते हैं। इन नालों का इस्तेमाल घुसपैठ के लिए होता रहा है। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्र में कई सुरंगें मिल चुकी हैं, जिन्हें आतंकी घुसपैठ के लिए पाकिस्तानी सेना की मदद से बनाया गया था। गणतंत्र दिवस को लेकर क्षेत्र में आतंकी घुसपैठ के इनपुट भी मिल रहे हैं, जिसे लेकर पूरा अमला हाई अलर्ट पर है। खासकर सुरंग खोदकर आतंकी घुसपैठ को लेकर यह इलाका सबसे संवेदनशील माना जाता है। वर्तमान में सीमा सुरक्षा बल ने पूरे क्षेत्र में एंटी टनल अभियान छेड़ रखा है।
Next Story