हिमाचल प्रदेश

Una: खेतों में घुसे पशुओं को निकालने गए व्यक्ति के साथ हुआ हादसा

Sarita
6 March 2025 10:15 AM IST
Una:  खेतों में घुसे पशुओं को निकालने गए व्यक्ति के साथ हुआ हादसा
x
Una ऊना: ऊना जिला के उपमंडल अंब के तहत मैड़ी गांव क्षेत्र में एक व्यक्ति की कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह ग्राम पंचायत मैड़ी के वार्ड नंबर एक में संजीव कुमार (40) पुत्र रामसरन की कुएं में गिरने से मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे खेतों में घुसे पशुओं को निकालने गया था, लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं के अंदर गिर गया। जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे तलाशने के लिए खेतों की ओर गए तो वह कुएं में गिरा हुआ मिला। बताया जा रहा है कि घटना स्थल घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। ग्राम पंचायत मैड़ी की प्रधान रीना ठाकुर का कहना है कि संजीव कुमार दिहाड़ी आदि काम करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। वह अपने पीछे पत्नी और 9 वर्षीय बेटी को छोड़ गया है। एसएचओ अंब अनिल उपाध्याय का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Next Story