हिमाचल प्रदेश

Sirmour: मंदिर में साधु का शव मिला, हत्या की आशंका

Sarita
28 May 2025 6:21 AM IST
Sirmour: मंदिर में साधु का शव मिला, हत्या की आशंका
x
Sirmour सिरमौर: उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत एक मंदिर में साधु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर व शरीर पर चोटों के निशान हैं। इसलिए साधु की हत्या का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला पांवटा साहिब के अंतर्गत शिवपुर पंचायत के अंतर्गत आंबवाला गांव स्थित चिंतपूर्णी मंदिर में सामने आया। मृतक की पहचान सोमगिरी के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 60 से 65 वर्ष बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक के सिर व कमर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार साधु पिछले 6-7 वर्षों से मंदिर में रह रहा था। मंगलवार को गांव का ही एक व्यक्ति पास के खेत में बोरवेल का काम करवा रहा था, इसी बीच वह व्यक्ति मंदिर में गया तो उसने देखा कि मंदिर में साधु सोमगिरी का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। साथ ही डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। इसलिए अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से और हर पहलू से जांच कर रही है।
Next Story