हिमाचल प्रदेश

Shimla: ज्वाला माता मंदिर के पास खाई में गिरी जेसीबी मशीन, ऑपरेटर समेत दो लोगों की मौत

Sarita
20 April 2025 8:44 AM IST
Shimla: ज्वाला माता मंदिर के पास खाई में गिरी जेसीबी मशीन, ऑपरेटर समेत दो लोगों की मौत
x
Shimla शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी के ढली थाना के अंतर्गत चमियाना में निर्माणाधीन सुरंग के पास एक जेसीबी दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा उस समय हुआ, जब जेसीबी चालक भट्टाकुफर में टायरों में हवा भरवाने के बाद बेस कैंप लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों ने चारों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में सुखदेव सिंह राणा (31) पुत्र बख्तावर सिंह निवासी बलोली डाकघर बेहल तहसील व जिला आनंदपुर साहिब, हरिराम सिंह (30) पुत्र ओंकार सिंह वीपीओ चंगाव तहसील निचार जिला किन्नौर शामिल हैं।
घायलों में चरणजीत सिंह पुत्र देहा सिंह निवासी गांव चांदपुर बेला डाकघर कोटला पावर हाउस तहसील आनंदपुर साहिब पंजाब शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब आठ बजे हुआ है। जेसीबी नंबर पीबी 06 बीए 5827 का चालक सुखदेव राणा अपनी शिफ्ट खत्म करने के बाद टायर में हवा भरवाने के लिए भट्टाकुफर गया था। इसके बाद वह बेस कैंप लौट रहा था। इस दौरान जेसीबी में चार लोग सवार थे। जब जेसीबी ज्वाला माता मंदिर के पास पहुंची तो किसी कारणवश चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और जेसीबी 50 फीट नीचे खाई में जा गिरी। इस दौरान एक व्यक्ति सड़क के पास गिरा और तीन सवार खाई में गिर गए।
हादसे की सूचना मिलते ही कंपनी के कर्मचारी और अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की सूचना देने के बाद चारों घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो लोगों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। एसएसपी संजीव कुमार गांधी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Next Story