- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Shimla : निजी होटल में...
हिमाचल प्रदेश
Shimla : निजी होटल में लगी आग, पर्यटक की जलकर मौत, 2 घायल
Sarita
1 March 2025 10:25 AM IST

x
Shimla शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कच्चीघाटी क्षेत्र में स्थित एक निजी होटल (बेड एंड ब्रेकफास्ट) में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना में महाराष्ट्र के 24 वर्षीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी झुलस गए। इस आग में होटल के तीन कमरे जलकर राख हो गए, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही आधा दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने इस मामले में होटल मालिक की लापरवाही को जिम्मेदार मानते हुए केस दर्ज कर लिया है।
यह हादसा कच्चीघाटी स्थित रामा बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) होटल में शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। इस आग में होटल में ठहरे महाराष्ट्र के तीन पर्यटकों में से एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए। मृतक की पहचान रितेश पुडाले (24) निवासी कोरेगांव, जिला सांगली, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। आग लगने के बाद उनके दो अन्य दोस्त आशीष और अवधूत पाटिल जो महाराष्ट्र के ही रहने वाले हैं, किसी तरह भागने में सफल रहे, लेकिन वे भी झुलस गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल शिमला में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ये तीनों दोस्त शुक्रवार को शिमला घूमने आए थे और कच्चीघाट स्थित रामा बी एंड बी होटल में कमरा नंबर 106 बुक कराया था। रात करीब 11 बजे जब तीनों कमरे में सो रहे थे, तो अचानक आग लग गई। कमरे में धुआं भर गया और लपटें उठने लगीं तो अफरा-तफरी मच गई। आशीष और अवधूत किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे, लेकिन रितेश आग की चपेट में आ गया और अंदर ही फंस गया। जब तक दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। यह निजी होटल शहर के बालूगंज थाना के अंतर्गत शिमला-कालका राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित है।
आग लगने की सूचना मिलते ही बालूगंज दमकल केंद्र से चार और अन्य केंद्रों से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान होटल के अन्य कमरों में ठहरे पर्यटक सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। होटल के तीन कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
इस मामले में शिकायत के आधार पर बालूगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 106 के तहत मामला दर्ज किया है। आग में झुलसे महाराष्ट्र निवासी आशीष ने शिकायत में कहा है कि होटल मालिक मनोज शर्मा निवासी कच्चीघाट शिमला की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उधर, शिमला पुलिस ने मृतक रितेश पुडेल के परिजनों को सूचित कर दिया है। शनिवार को आईजीएमसी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा। दोनों झुलसे पर्यटकों की हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतक युवक एक निजी कंपनी में काम करता था।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। होटल में सुरक्षा मानकों और प्रभावी अग्निशमन व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। पुलिस होटल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम द्वारा विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने का कारण पता चल सकेगा।
TagsShimlaहोटलआगपर्यटकमौत2 घायलShimlahotelfiretouristdeath2 injuredजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





