- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Himachal Weather: ...

x
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। जबकि मध्यम और निचले इलाकों में बारिश हुई है। चंबा, कुल्लू, शिमला, मंडी, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और सिरमौर जिले के ऊंचाई वाले इलाकों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। शिमला के मनाली, अटल टनल रोहतांग, पांगी-भरमौर, कुफरी और नारकंडा में भी बर्फबारी हुई। मौसम में आए बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट आई है। राजधानी शिमला में रात से ही रुक-रुक कर बारिश जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज पूरे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। चंबा जिले के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है।
बर्फबारी और बारिश के चलते जिले के 10 मार्गों पर यातायात ठप है। इसके चलते अपने गंतव्य की ओर जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग बंद मार्गों को बहाल करने में जुट गया है। जिले में हुई बर्फबारी और बारिश से किसानों और बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसान और बागवान राकेश कुमार, संजीव कुमार, दिलीप कुमार, प्रमोद ने कहा कि सेब उत्पादन के लिए बर्फबारी और अत्यधिक ठंडा मौसम जरूरी है।
जिले के भरमौर, पांगी के ऊपरी क्षेत्रों में पांच इंच, चंबा जोत मार्ग पर चार से छह इंच, लक्कड़ मंडी, डैनकुंड सहित पांगी की ऊपरी चोटियों में पांच से आठ इंच ताजा बर्फबारी हुई है। मनाली और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बर्फबारी जारी है। सोलंगनाला और अटल टनल में भी भारी बर्फबारी हुई है। ऐसे में अटल टनल को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। मनाली से पर्यटक वाहनों को नेहरूकुंड तक ही जाने दिया जा रहा है। इससे आगे सोलंगनाला के लिए चार बाई चार वाहनों को ही भेजा जा रहा है।
Next Story





