- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Himachal weather: मौसम...
हिमाचल प्रदेश
Himachal weather: मौसम में बदलाव, आज इन जिलों में तेज तूफान और बारिश की संभावना
Sarita
18 Jun 2025 11:14 AM IST

x
Himachal weather: हिमाचल में मौसम का मिजाज बदल गया है। आज चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान और बारिश की संभावना है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में 20 से 25 जून तक भारी बारिश का अनुमान है। इन अनुमानों के मद्देनजर मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 20 जून के आसपास मानसून के पहुंचने का अनुमान जताया है। यह समय से पहले मानसून की दस्तक हो सकती है, जो किसानों के लिए अच्छा संकेत है, लेकिन शहरी इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को मौसम ने करवट ली, जहां एक ओर ऊंचे पहाड़ी दर्रों पर बर्फबारी हुई, वहीं मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। बारालाचा, कुंजुम और रोहतांग दर्रे जैसी जगहों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे पहाड़ों में ठंड बढ़ गई। इसके उलट शिमला, हमीरपुर और ऊना जैसे शहरों में भारी बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शिमला में भारी बारिश के कारण कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बारिश ने प्री-मानसून तैयारियों की पोल खोल दी, क्योंकि कई जगहों पर पानी नालों में बहने की बजाय सड़कों और रास्तों पर जमा हो गया।
ऐसा ही हाल सोलन जिले के बद्दी में देखने को मिला, जहां सड़कों पर जलभराव से यातायात बाधित हुआ। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश के आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। ऊना के रायपुर मैदान में सबसे ज्यादा 130.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो रिकॉर्ड स्तर पर है। इसके अलावा हमीरपुर के बड़सर में 90 मिमी, बलद्वाड़ा में 62 मिमी, कसौली में 52 मिमी, शिमला में 46 मिमी, भुंतर में 41 मिमी, बिलासपुर में 40 मिमी, नेरी में 35.0 मिमी और शिलारू में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई।
Next Story





