हिमाचल प्रदेश

Himachal Pradesh: अचानक बैक हो गई जीप, 62 वर्षीय महिला की मौत

Sarita
11 Feb 2026 6:16 AM IST
Himachal Pradesh: अचानक बैक हो गई जीप, 62 वर्षीय महिला की मौत
x
Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के रिवालसर क्षेत्र में एक भयानक हादसा सामने आया है, जहां जीप से सामान उतारते समय एक 62 वर्षीय महिला की जान चली गई। हादसा मंगलवार काे बल्ह तहसील के चलहर गांव में पेश आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चलहर गांव की निवासी नागेश्वरु (62) पत्नी स्वर्गीय गोकुल अपने घर के समीप खड़ी एक जीप से सामान उतार रही थीं। इसी दौरान जीप अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की तरफ लुढ़क गई। महिला खुद को संभाल पाती, उससे पहले ही वह जीप की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल महिला को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल रिवालसर ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेज दिया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Next Story