- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Himachal: अमित का शव...
हिमाचल प्रदेश
Himachal: अमित का शव 20 किलोमीटर दूर कलेसर में मिला, दोनों भाई अब भी लापता
Sarita
25 Sept 2025 6:11 AM IST

x
Himachal: पांवटा साहिब में मंगलवार दोपहर यमुना नदी में डूबे 3 युवकों में से एक युवक का शव बुधवार को हरियाणा के कलेसर में यमुना नदी से बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान अमित (23) पुत्र जोगी राम निवासी गवाली, तहसील शिलाई के रूप में हुई है, जबकि अमित के साथ डूबे 2 सगे भाई अभी भी लापता हैं। बुधवार सुबह एनडीआरएफ की टीम युवकों की तलाश में यमुना नदी में उतरी। इसके अलावा 10 गोताखोर, उत्तराखंड से एसडीआरएफ की एक टीम और ऋषिकेश से राफ्टिंग करने वाले 2 दल भी राहत व बचाव कार्य में जुट गए। इसी बीच दोपहर के समय हरियाणा के यमुनानगर जिले के कलेसर के समीप एक टीम ने अमित का शव यमुना नदी से बरामद किया। यह स्थान पांवटा साहिब की सीमा से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित है। पुलिस ने अमित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं हादसे का शिकार हुए सगे भाई कमलेश और रजनीश का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
उधर मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी प्रियंका वर्मा और एसपी एनएस नेगी भी बुधवार सुबह राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लेने पहुंचे और इस संबंध में अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए। डीसी ने यमुनाघाट का निरीक्षण भी किया। एसडीएम पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा, तहसीलदार ऋषभ शर्मा और डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर मौके पर डटे हुए है और सर्च ऑप्रेशन पर निरंतर नजर बनाए हुए हैं।
Next Story





