हिमाचल प्रदेश

Himachal: नाकाबंदी के दौरान टैक्सी से चरस की बड़ी खेप जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

Sarita
23 Feb 2026 10:50 AM IST
Himachal: नाकाबंदी के दौरान टैक्सी से चरस की बड़ी खेप जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार
x
Himachal Pradesh :हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना स्वारघाट की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी से भारी मात्रा में चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में मंडी और कुल्लू जिलाें से ताल्लुक रखने वाले 4 तस्कराें को गिरफ्तार किया है। बरामद की गई चरस का कुल वजन 2 किलो 317 ग्राम बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार स्वारघाट पुलिस ने रविवार देर शाम नैशनल हाईवे पर सुन्हण के पास विशेष नाका लगाया था। इस दौरान आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही थी। इसी बीच एक टैक्सी (HP 01K-8149) वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। जब पुलिस टीम ने टैक्सी की तलाशी ली तो डिक्की से 2 किलो 317 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने टैक्सी में सवार चारों युवकों को तुरंत हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान हीम सिंह (30) निवासी बेड, चमन लाल (26) निवासी खलाओ व देवराज (26) निवासी सैंगली, तहसील बालीचौकी (मंडी) और राहुल (26) निवासी थरास, तहसील भुंतर व जिला कुल्लू के रूप में की गई है।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला में नशा माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
Next Story