
x
Rohtak रोहतक: रोहतक में एक मकान की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला को पीजीआई रोहतक लाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। नेहरू कॉलोनी में रविवार सुबह 10 बजे एक मकान की छत गिर गई। इस हादसे में 37 वर्षीय महिला सुनहरी देवी की मौत हो गई, जबकि उनकी 15 वर्षीय बेटी सुनैना बाल-बाल बच गई। लगातार हो रही बारिश के कारण गर्डर कमजोर हो गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। कॉलोनी निवासी मिथुन ने बताया कि हर दिन की तरह वह मजदूरी करने गया था।
12 वर्षीय बेटा नवीन और 14 वर्षीय सुमित खेलने के लिए बाहर गए थे। पत्नी सुनहरी और बेटी सुनैना घर की सफाई कर रही थीं। अचानक गर्डर टूट गया, जिससे छत गिर गई। सुनहरी उसके नीचे दब गई। बाल-बाल बची बेटी सुनैना घर से बाहर भागी और चिल्लाकर पड़ोसियों को बुलाया। काफी मशक्कत के बाद सुनहरी को बाहर निकाला गया और निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया, लेकिन पीजीआई पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई।
Next Story





