हरियाणा

गुरुग्राम में बड़ा अतिक्रमण अभियान, बुलडोजर कार्रवाई

Saba Naaz
31 July 2026 4:16 PM IST
गुरुग्राम में बड़ा अतिक्रमण अभियान, बुलडोजर कार्रवाई
x

गुरुग्राम। शहर में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुग्राम के सेक्टर-42 स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की अरबों रुपये की जमीन पर बने 20 अवैध दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

यह कार्रवाई गुरुवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के डीटीपी और नोडल अधिकारी आरएस बाठ के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान संबंधित विभागों की टीम के साथ भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।

अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-42 में एचएसवीपी की सरकारी जमीन पर लंबे समय से कई अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। यहां सब्जी की दुकानें, वाहन रिपेयर सेंटर, फूलों की दुकानें, रेस्टोरेंट, ढाबे, मेडिकल स्टोर, हुक्का हाउस, चिकन शॉप सहित कई अन्य अस्थायी और पक्के निर्माण किए गए थे।

प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर इन प्रतिष्ठानों का संचालन किया जा रहा है। इन अवैध गतिविधियों के कारण इलाके में ट्रैफिक जाम, प्रदूषण और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही थीं। इसके बाद विभाग ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान डीजीपीएस सर्वे और राजस्व रिकॉर्ड में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित कब्जाधारकों को पहले नोटिस जारी किए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि कब्जा हटाने के लिए रेस्टोरेशन के आदेश भी जारी किए गए थे, लेकिन इसके बाद भी अवैध निर्माण नहीं हटाए गए। जिसके बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से अवैध दुकानों और निर्माणों को हटाया गया। प्रशासन की टीम ने पूरे क्षेत्र को कब्जामुक्त कराया। इस दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।

ग्लोबल फोयर कंडोमिनियम एसोसिएशन की ओर से भी इस मामले में विभिन्न विभागों को शिकायत भेजी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान चल रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। इसके बाद विभागों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।

जीएमडीए के डीटीपी और नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध व्यवसाय चलाने और अवैध वसूली करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और जहां भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाएगा, वहां सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि सेक्टर-42 में की गई कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराना और शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे लंबे समय से बड़ी समस्या बने हुए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में भी सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Next Story