Hisar: श्रमिकों और किसानों के अधिकारों पर कांग्रेस का संघर्ष जारी

हिसार: जिला कांग्रेस भवन में मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित विधानसभा घेराव की तैयारियों बारे बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने की। बैठक को संबोधित करते जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने साेमवार काे कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीब, मजदूर और किसान परिवारों के जीवन का आधार है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि जिला से रिकॉर्ड संख्या में साथी चंडीगढ़ पहुंचे और विधानसभा घेराव को ऐतिहासिक बनाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक ब्लॉक, प्रत्येक गांव और बूथ स्तर तक जाकर साथियों को चंडीगढ़ पहुंचने के लिए प्रेरित किया जाए।
बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गरीब और मजदूर के अधिकारों की लड़ाई है, और हिसार जिला इस संघर्ष में अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मनरेगा एवं जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को और तेज करेगी। बैठक निर्णय लिया गया कि गांव-गांव जाकर अभियान को मजबूत किया जाएगा तथा अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेसजन चंडीगढ़ पहुंचकर विधानसभा घेराव को सफल बनाएंगे। इस अवसर पर एआईसीसी सदस्य राजेश संदलाना, पूर्व बरवाला प्रत्याशी एवं पीसीसी सदस्य भूपेंद्र सिंह गंगवा, रिटायर्ड एम्पलाइज सैल प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर सिंह बामल, ओबीसी ज़िला अध्यक्ष अजीत यादव, कर्मचारी कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष गीता आहूजा, किसान नेता दलजीत पंघाल, युवा नेता सुरेश पंघाल लाडवा, राजकुमार जांगड़ा, प्रदेश सचिव रिटायर्ड एम्पलाइज सैल रमेश चाहर, टेकचंद बटेश्वर बागड़ी, राजेन्द्र सिंह यादव, युवा नेता पवन पचार गोरछी, कृष्ण कुमार, चंद्र शेखर आजाद, कार्यालय सचिव अनिल बिश्नोई सहित सैकड़ों साथी उपस्थित रहे।





