
x
Haryana हरियाणा: गांव बसई में देर रात एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से कई मजदूर उसके नीचे दब गए। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद मजदूर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान कई मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक मजदूर उसके नीचे दबा रह गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ राज्य आपदा प्रतिवादन बल यानी एसडीआरएफ को मौके पर बुलाया गया जिन्होंने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक घटना के बाद यहां मौजूद अन्य मजदूरों की मदद से कुछ मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक राजमिस्त्री सुरेंद्र बाहर नहीं आ सका। ऐसे में दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरेंद्र को बाहर निकाला गया और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद भी कई घंटे तक ऑपरेशन चलाया गया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई इस मलबे के नीचे तो नहीं है। पुलिस के मुताबिक गांव बसई में जिस जगह यह घटना हुई, वहां खुदाई का काम चल रहा था।
यहां काम खत्म करने के बाद मजदूर आराम करने लगे। इस दौरान अचानक दीवार गिर गई जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि घायल सुरेंद्र सिंह मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है और उसकी हालत गंभीर है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि यहां काम बेहद लापरवाही से चल रहा था। मजदूरों से पूछताछ के बाद ही हादसे की असली वजह पता चल पाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





