
x
Haryana: समालखा के वार्ड नंबर-8 स्थित आजाद नगर में रविवार देर शाम को गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से हादसा हो गया। पार्षद विनोद वाल्मीकि के घर के सामने स्थित एक मकान में रसोई के दौरान गैस सिलेंडर की लिंकेज से आग भड़क उठी, जिसमें बहू पिंकी और उसकी सास शकुंतला गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को पहले समालखा सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया गया।मिली जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त फौजी के पुत्र चांद की पत्नी पिंकी रसोई में खाना बना रही थी, तभी गैस लीक होने से सिलेंडर ने आग पकड़ ली। आग लगते ही पिंकी सिलेंडर को बाहर बरामदे में ले जाने का प्रयास करने लगी, इसी दौरान वह आग की चपेट में आ गई। बहू को बचाने के प्रयास में उसकी सास शकुंतला भी झुलस गई।
घटना के बाद शोर-शराबा सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। पार्षद विनोद वाल्मीकि ने तुरंत फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझाया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं समय पर सूचना और लोगों की तत्परता से बड़ा नुकसान होने से बच गया।
Next Story





