
x
Haryana हरियाणा: गुड़गांव में बारिश हो और सड़क न धंसे, ऐसा हो ही नहीं सकता। तस्वीरों में दिख रहा यह नजारा कहीं और का नहीं, बल्कि गुड़गांव के एसपीआर रोड का है। यहां भारी बारिश के कारण सर्विस रोड धंस गई, जिसमें पूरा ट्रक डूब गया। समय रहते ड्राइवर और कंडक्टर ट्रक का अगला शीशा तोड़कर अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए। वहीं, बारिश के बीच ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे पुलिसकर्मियों को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत यहां बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक रूट डायवर्ट कर दिया। वहीं, ट्रक को गड्ढे से निकालने के लिए आज सुबह से ही क्रेन बुलाई गई है। वहीं, शहर के हालात का जायजा लेने के लिए डीसीपी ट्रैफिक भी मौके पर पहुंचे।
ट्रक ड्राइवर सतपाल की मानें तो वह धारूहेड़ा से बीयर लेकर गुड़गांव के वाटिका चौक के पास स्थित एक दुकान पर देने आया था। जब वह एसपीआर रोड पर पहुंचा तो यहां तेज बारिश हो रही थी। बारिश में जलभराव और जाम के कारण उसके ट्रक को सर्विस रोड पर डायवर्ट कर दिया गया। उनके आगे चल रहा एक और ट्रक यहाँ से गुजरा, लेकिन जैसे ही उनका ट्रक आगे बढ़ा, अचानक सड़क धंस गई और ट्रक पलटकर पूरी तरह गड्ढे में जा गिरा। वे किसी तरह शीशा तोड़कर बाहर निकले।
ड्राइवर और कंडक्टर समय रहते बाहर आ गए। यहाँ मौजूद ट्रैफ़िक पुलिसकर्मी देर रात तक बारिश और इस घटना के कारण लगे जाम को खुलवाने में जुटे रहे। ट्रैफ़िक रूट भी डायवर्ट कर दिया गया है। फ़िलहाल, क्रेन की मदद से इस ट्रक को गड्ढे से बाहर निकालने का काम किया जा रहा है। जिसके बाद इस गड्ढे को बंद कर दिया जाएगा।
Next Story





