
x
Haryana हरियाणा: अनाज मंडी में दूषित पानी पीने से दर्जनों मजदूर अचानक बीमार पड़ गए। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। आधी रात को हालत बिगड़ने के मामलों में तेज़ी से वृद्धि हुई, जिससे मंडी प्रशासन में हड़कंप मच गया। सिविल अस्पताल के अतिरिक्त एसएमओ डॉ. कुलदीप राज ने बताया कि 38 मजदूर दस्त की शिकायत के साथ सिविल अस्पताल में भर्ती हैं।
गंभीर हालत के चलते एक मजदूर को कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सिविल अस्पताल में भर्ती मजदूर अरविंद, प्रवेश, राहुल और मलखान ने बताया कि दूषित पानी पीने से उन्हें रात में दस्त और उल्टी की समस्या हुई। हालत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अनाज मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष स्वर्णजीत सिंह कालरा ने बताया कि दूषित पानी पीने से अनाज मंडी में 100 से ज़्यादा मजदूर बीमार हैं। सिविल अस्पताल के अलावा कुछ मजदूर निजी अस्पतालों में भी इलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अनाज मंडी गोदाम के सामने सीवरेज और पानी की पाइप पिछले आठ महीनों से लीक हो रही हैं। इस बारे में मार्केट कमेटी को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इस बीच, स्वास्थ्य विभाग समेत उपमंडल प्रशासन स्थिति पर नज़र बनाए हुए है। कुरुक्षेत्र के उप सिविल सर्जन डॉ. प्रदीप के नेतृत्व में एसएमओ डॉ. कीर्ति शर्मा और अतिरिक्त एसएमओ डॉ. कुलदीप राज ने अपनी पूरी टीम के साथ शाहाबाद अनाज मंडी का दौरा किया और मेडिकल कैंप लगाकर मजदूरों की जाँच की और उन्हें दवाइयाँ उपलब्ध कराईं।
Next Story





