हरियाणा

Haryana News: अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, चालक की मौत

Sarita
29 Jan 2025 8:47 AM IST
Haryana  News: अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, चालक की मौत
x
Haryana News: कलानौर क्षेत्र के लाहली गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने फैक्ट्री से नट-बोल्ट लेकर आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक ट्रैक्टर से उछलकर सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने युवक को पीजीआईएमएस में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित के भाई ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। गद्दी खेड़ी गांव निवासी रविंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई सुरेश कुमार बनियानी गांव स्थित एक नट-बोल्ट कंपनी में ट्रैक्टर चालक के तौर पर काम करता था। वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में माल लोड करके रोहतक और आसपास के क्षेत्र में पहुंचाता था।
27 जनवरी की शाम को वह कंपनी से ट्रैक्टर-ट्रॉली में माल लोड करके रोहतक के लिए निकला था। जब ट्रैक्टर-ट्रॉली लाहली गांव स्थित मत्स्य कार्यालय के पास से रोहतक की तरफ मुड़ी तो पीछे से एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। ट्रक की गति तेज होने के कारण टक्कर जोरदार थी और उसका भाई सुरेश ट्रैक्टर से उछलकर सड़क पर जा गिरा। राहगीरों ने मौके से भाग रहे ट्रक का नंबर ले लिया और फोन पर पुलिस व उन्हें घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर वे भी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में पड़े सुरेश को पीजीआईएमएस में भर्ती करवाया।
Next Story