हरियाणा

Haryana: फुटवियर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

Sarita
10 May 2025 12:51 PM IST
Haryana: फुटवियर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
x
Haryana हरियाणा: सोनीपत के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फुटवियर फैक्ट्री में गुरुवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि साथ लगती तीन और फैक्ट्रियां भी आग की चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब नौ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित ओमकारा फुटवियर फैक्ट्री में रात करीब 10 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट बताया जा रहा है। फैक्ट्री में चप्पल बनाने का काम होता है।
आग लगते ही धुआं और लपटें उठने लगीं। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और साथ लगती तीन अन्य फैक्ट्रियों रॉयल पॉलीयूरेथेन, शिव चरण दास मसाला, दुर्गा कूलिंग सिस्टम को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और आग की तेज लपटों के कारण पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया। फुटवियर कंपनी में रबर का सामान होने के कारण आग तेजी से फैली। साथ लगती दुर्गा कूलिंग फैक्टरी में कूलर घाट, शिवचरण दास में मसाले तथा रॉयल पॉलीयूरेथेन में कुर्सी के हैंडल व अन्य सामान बनता है।
हालांकि तीनों फैक्टरियों में आग को ज्यादा फैलने नहीं दिया गया तथा दमकल विभाग व कर्मचारियों ने इस पर काबू पा लिया। हालांकि फुटवियर कंपनी पूरी तरह जल गई तथा इसमें भारी नुकसान हुआ है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने सोनीपत से 11, पानीपत से दो, रोहतक के सांपला व झज्जर के बहादुरगढ़ से एक-एक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई।
दमकल कर्मी रातभर आग पर काबू पाने में लगे रहे। नौ घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। दो गाड़ियां अभी भी मौके पर खड़ी हैं। आग भड़कने पर उस पर पानी डाला जा रहा है। घटना में फुटवियर कंपनी मालिक को भारी नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। लोगों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। तीन अन्य फैक्टरियों को भी नुकसान हुआ है। प्रशासन नुकसान का आकलन करने में लगा हुआ है। दमकल विभाग कर्मी ने बताया कि मालिक ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। पूरी स्थिति जांच के बाद ही पता चलेगी।
Next Story