हरियाणा

Haryana :तेज रफ्तार कार ने स्कूल ऑटो को मारी टक्कर, 9 घायल

Sarita
11 July 2025 12:36 PM IST
Haryana :तेज रफ्तार कार ने स्कूल ऑटो को मारी टक्कर,  9 घायल
x
Haryana हरियाणा: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में गुरुवार को मूक-बधिर बच्चों और स्टाफ को स्कूल ले जा रहे एक ऑटो को तेज रफ्तार स्कोडा कार ने टक्कर मार दी। यह हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। इस हादसे में ऑटो में सवार 4 मूक-बधिर बच्चों समेत कुल 9 लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चालक अशोक कुमार अपने ऑटो में 8 मूक-बधिर बच्चों और स्कूल स्टाफ को लेकर नए बस स्टैंड से सुंदरपुर स्थित सार्थक मूक-बधिर स्कूल जा रहा था। इस स्कूल का संचालन सेवानिवृत्त उपायुक्त सुमेधा कटारिया करती हैं। जैसे ही वाहन लघु सचिवालय रोड स्थित आकाशवाणी केंद्र के पास पहुंचा, एक तेज रफ्तार स्कोडा कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो डिवाइडर से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास के लोगों ने तुरंत बच्चों और घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और एंबुलेंस व डायल-112 को सूचना दी। सभी घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जांच अधिकारी एसआई धीर सिंह ने बताया कि कार ने मूक-बधिर बच्चों और स्टाफ को स्कूल ले जा रहे ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस हादसे के बाद आरोपी स्कोडा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story