
x
Haryana हरियाणा: कुरुक्षेत्र के थानेसर की अनाज मंडी में सोमवार शाम गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। शाम करीब सवा छह बजे हुई इस घटना में किरमिच गांव निवासी 18 वर्षीय प्रिंस गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसकी पीठ में लगी, जिसके बाद उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, अनाज मंडी में कुछ युवकों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने अचानक फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी युवक अपने साथियों के साथ स्कूटी और बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शी सुनील कुमार ने बताया कि झगड़े के दौरान जब गोली चली, तब करीब 10-12 लड़के मंडी में खड़े थे। हालांकि, वह हमलावर युवकों की पहचान नहीं कर सका।
सूचना मिलने पर सुभाष मंडी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और इलाके की घेराबंदी कर जाँच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से नमूने और गोलियों के खोल बरामद किए। पुलिस अब घायल युवक प्रिंस का बयान दर्ज करने की कोशिश कर रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
Next Story





