हरियाणा

Haryana:ब्यूटी पार्लर व मकान पर फायरिंग, दहशत में इलाका

Sarita
5 Feb 2026 7:55 AM IST
Haryana:ब्यूटी पार्लर व मकान पर फायरिंग,   दहशत में इलाका
x
Haryana हरियाणा: देर रात फुसगढ़ गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक ब्यूटी पार्लर और उससे सटे मकान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। सन्नाटे को चीरती गोलियों की आवाज सुनकर पूरा इलाका दहशत में आ गया। लोग नींद से जागकर अपने घरों से बाहर निकल आए, कई घरों की बत्तियां जल गईं और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। बदमाश करीब चार से पांच राउंड फायरिंग कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस वारदात में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन परिवार और पड़ोसी बुरी तरह सहमे हुए हैं।जानकारी के अनुसार, यह हमला बलकार लाठर के मकान पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाश सीधे ब्यूटी पार्लर के सामने रुके जो मकान के निचले हिस्से में किराये पर दिया गया है और बिना कोई चेतावनी दिए फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने पार्लर से सटे घर की दीवारों की ओर भी गोलियां दागीं। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। महिलाओं और बच्चों में खासा डर देखा गया। गांव में देर रात तक लोग सहमे रहे और कई परिवार बाहर तक नहीं निकले।
जिस मकान पर हमला हुआ, वह बलकार लाठर का है, जो करीब तीन साल पहले डंकी रूट से अमेरिका गया था। बताया जा रहा है कि उसने विदेश जाने के लिए 40 से 50 लाख रुपये खर्च किए थे और फिलहाल वहां ड्राइवर का काम करता है। वारदात के वक्त घर में उसकी मां राजपती और पत्नी सीमा मौजूद थीं। नीचे की दुकान पहले से ही ब्यूटी पार्लर के रूप में किराये पर दी गई है। हमले के बाद घर के भीतर मौजूद महिलाएं बुरी तरह डर गईं और काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकल पाईं।
परिवार और ग्रामीणों का कहना है कि बलकार या उसके परिवार की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है। न ही अब तक किसी ने फिरौती की मांग की है। ऐसे में अचानक हुई फायरिंग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह धमकी थी, डराने की कोशिश थी, या किसी बड़े साजिश का हिस्सा? फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां से खाली कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों तक पहुंचने के लिए टीमें बनाई गई हैं और हर संभव सुराग पर काम किया जा रहा है।
Next Story